कोटा। राजस्थान के कोटा में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ दर्दनाक नाव हादसा चार परिवारों के लिए मातम बन गया। कोटड़ी नहर में नाव पलटने से लापता हुए चारों युवकों के शव बुधवार को बरामद कर लिए गए। करीब 18 घंटे तक चले बचाव अभियान के बाद इस दुखद घटनाक्रम की पुष्टि हुई।
स्टील ब्रिज के पास पलटी नाव
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हादसा मंगलवार, 20 अक्टूबर की शाम कोटा में स्टील ब्रिज के पास कोटड़ी नहर में हुआ। दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए नाव में सात लोग सवार होकर नहर में उतरे थे। इसी दौरान नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में पलट गई। तीन लोग किसी तरह तैरकर बाहर निकल आए, जबकि चार युवक तेज बहाव में लापता हो गए।
SDRF-NDRF और गोताखोरों ने चलाया अभियान
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। लापता युवकों की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), नगर निगम के गोताखोरों और सिविल डिफेंस की मदद ली गई। बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए नहर में पानी का बहाव भी रुकवाया गया। लगातार तलाशी के बाद चारों युवकों के शव बरामद किए गए।
प्रतिबंधित जगह पर विसर्जन को लेकर सवाल
राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के अनुसार, हादसे वाली जगह पर प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद लोग छोटी नाव से विसर्जन करने पहुंचे थे। घटना के बाद सुरक्षित विसर्जन स्थलों, नाव के इस्तेमाल और मौके पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन हादसे के कारणों की जांच कर रहा है।
संवाददाता: ओम प्रकाश गोदारा
