गुटखा, बीड़ी और सिगरेट चुराने के लिए देर रात बनाते थे निशाना, लोगों ने रंगे हाथों पकड़ा
जोधपुर। शहर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना क्षेत्र में सरस केबिनों को निशाना बनाकर चोरी करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को थोरियों की ढाणी इलाके में एक सरस केबिन की छत काटकर चोरी करने पहुंचे चार आरोपियों को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।
जानकारी के अनुसार, आरोपी देर रात सरस केबिनों को निशाना बनाते थे। वे केबिन की छत काटकर अंदर घुसने का प्रयास करते और वहां रखे गुटखा, बीड़ी व सिगरेट सहित अन्य सामान चोरी कर ले जाते थे।
छत काटने की आवाज सुनकर पहुंचे लोग
शुक्रवार को थोरियों की ढाणी इलाके में आरोपी एक सरस केबिन की छत काट रहे थे। इसी दौरान आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देखकर आरोपी केबिन से उतरकर भागने लगे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस चारों आरोपियों को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
संवाददाता: ओम प्रकाश गोदारा