
डीडवाना-कुचामन, राजस्थान। राजस्थान के डीडवाना जिले में मामूली कहासुनी के बाद हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में एक व्यक्ति ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी अक्षिता उर्फ मीनू पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। पोती को बचाने पहुंची बुजुर्ग दादी भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं।
कहासुनी के बाद किया हमला
पुलिस के अनुसार, आरोपी ओमप्रकाश उर्फ आकाश अपने चचेरे भाई भूराराम के घर पहुंचा था। वहां किसी बात को लेकर उसकी किशोरी अक्षिता से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, किशोरी पर करीब 40 वार किए गए, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दादी बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो उन पर भी हमला
किशोरी को बचाने के लिए उसकी दादी तुलछा देवी बीच-बचाव करने पहुंचीं। आरोप है कि आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वारदात के बाद आरोपी ने कीटनाशक पीया
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होकर खेतों की तरफ चला गया। तलाश के दौरान वह कीटनाशक का सेवन करने के बाद अचेत अवस्था में मिला। उसे पुलिस निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। एफएसएल और अन्य जांच टीमों ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जानकारी में विवाद की वजह कहासुनी बताई गई है, लेकिन हत्या के पीछे का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सृष्टि टीवी न्यूज |
संवाददाता: ओमप्रकाश गोदारा