
जैसलमेर। जिले में मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के तहत जैसलमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए के इनामी आरोपी गणपत सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी एनडीपीएस एक्ट के पांच मामलों में वांटेड था और पिछले करीब पांच महीने से फरार चल रहा था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के दौरान मिली सूचना के आधार पर बाड़मेर बाइपास पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस ने आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लिया।
पुलिस अब आरोपी से एनडीपीएस एक्ट के मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जाएगा कि फरारी के दौरान आरोपी कहां-कहां रहा और मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में उसकी क्या भूमिका थी।
सृष्टि टीवी न्यूज
संवाददाता: ओम प्रकाश गोदारा