भीलवाड़ा। सोशल मीडिया पर करोड़ों लोगों के बीच लोकप्रिय फिटनेस इन्फ्लुएंसर पवन साहू की डिजिटल लोकप्रियता ग्राम पंचायत के सरपंच चुनाव में जीत में तब्दील नहीं हो सकी। भीलवाड़ा जिले की फूलियाखुर्द ग्राम पंचायत में उनकी पत्नी कोमल साहू को चुनाव में महज 277 वोट मिले और उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा।
पवन साहू ने अपनी पत्नी कोमल साहू को सरपंच पद के चुनाव में उतारा था। पवन साहू के यूट्यूब चैनल पर करीब 2.77 करोड़ सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर लगभग 70 लाख फॉलोअर्स बताए जाते हैं। चुनाव प्रचार के दौरान उनकी सोशल मीडिया लोकप्रियता को लेकर काफी चर्चा रही और उन्होंने पत्नी के समर्थन में प्रचार भी किया।
भगवतीलाल सोनी ने दर्ज की जीत
चुनाव परिणाम के अनुसार फूलियाखुर्द ग्राम पंचायत में भगवतीलाल सोनी ने 1203 वोट हासिल कर सरपंच पद पर जीत दर्ज की। पूर्व सरपंच कालूराम जाट को 797 वोट मिले और वे दूसरे स्थान पर रहे। वहीं कोमल साहू को केवल 277 वोट मिले।
जोधपुर के बाद भीलवाड़ा में भी चर्चा
इससे पहले जोधपुर जिले की इंदों की ढाणी ग्राम पंचायत में सोशल मीडिया पर लोकप्रिय ओमप्रकाश बिश्नोई भी सरपंच चुनाव हार गए थे। रिपोर्टों के अनुसार उन्हें महज 33 वोट मिले थे। अब भीलवाड़ा में पवन साहू की पत्नी की हार के बाद सोशल मीडिया की लोकप्रियता और स्थानीय चुनावों में जमीनी जनसमर्थन के बीच अंतर को लेकर चर्चा हो रही है।
सृष्टि टीवी न्यूज
संवाददाता: ओम प्रकाश गोदारा
