
जोधपुर। मालिक का भरोसा तोड़कर करीब 2 किलो चांदी और 30 ग्राम सोना लेकर फरार हुए कारीगर को जोधपुर पुलिस ने डेढ़ साल से अधिक समय बाद गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रितेश कुमार सोनी (45), पुत्र किशन सोनी, निवासी उदयपुरिया बाजार, जिला पाली के रूप में हुई है। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
मालिक से उधार लिए 4 लाख रुपये भी नहीं लौटाए
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवादी प्रार्थी केशराशि खींची ने 11 मार्च 2025 को राजीव गांधी नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, रितेश सोनी उनके मकान में स्थित आशापुरा ज्वेलर्स की दुकान पर काम करता था। जान-पहचान बढ़ने पर आरोपी ने उनसे 4 लाख रुपये उधार लिए, जिन्हें वह वापस नहीं लौटा रहा था।
दुकान के नाम पर ग्राहकों से भी खरीदे आभूषण
आरोप है कि रितेश सोनी ने दुकान के नाम पर अन्य ग्राहकों से भी आभूषण खरीदे, लेकिन उनका भुगतान नहीं किया। दुकान के रजिस्टर में इनकी एंट्री नहीं की गई थी। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर 2 किलो चांदी और 30 ग्राम सोना लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।
कई जगह ठिकाने बदलकर काट रहा था फरारी
पुलिस के अनुसार, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए कभी चेन्नई, कभी महाराष्ट्र तो कभी गुजरात में छिपकर रह रहा था। वह एक जगह ज्यादा समय तक नहीं रुकता और अपनी लोकेशन बदलता रहता था। पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 37 पुलिस एक्ट का वारंट भी जारी करवाया था।
अहमदाबाद में फैक्ट्री से पकड़ा
पुलिस उपायुक्त पश्चिम जोधपुर के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया। इसके बाद गुजरात के अहमदाबाद में दबिश देकर उसे एक फैक्ट्री से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है। मामले में कथित तौर पर चोरी किए गए सोने-चांदी की बरामदगी की जांच की जा रही है।
संवाददाता ओम प्रकाश गोदारा