
खिपसर गांव में मवेशियों को बचाने दौड़े पति-पत्नी की करंट से मौत, आक्रोशित ग्रामीणों का धरना; तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
बाड़मेर। जिले में हाईटेंशन बिजली लाइन का तार टूटकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। खिपसर गांव में गुरुवार सुबह खेत के पास बने पशुबाड़े में करंट फैलने से रावताराम (45) और उनकी पत्नी वीरो देवी (41) की मौत हो गई। हादसे में 15 भेड़-बकरियों की भी जान चली गई। मवेशियों को बचाने की कोशिश में दंपती खुद करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मवेशियों को बचाने की कोशिश में गई जान
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन का तार टूटकर पशुबाड़े के पास गिर गया। इससे बाड़े में करंट फैल गया और वहां बंधे भेड़-बकरियां इसकी चपेट में आ गए। मवेशियों को तड़पता देखकर रावताराम उन्हें बचाने पहुंचे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। पति को बचाने के लिए दौड़ीं वीरो देवी भी हादसे का शिकार हो गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बिजली विभाग पर गंभीर सवाल, ग्रामीणों का धरना
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति बंद करवाने के लिए संबंधित जीएसएस पर संपर्क करने की कोशिश की। ग्रामीणों का आरोप है कि समय पर बिजली बंद नहीं होने और कर्मचारियों की कथित अनुपस्थिति के कारण हालात गंभीर हो गए। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सुबह करीब 11 बजे से धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों में हादसे को लेकर भारी नाराजगी है और वे जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे हैं।
तीन बच्चों के सिर से उठा माता-पिता का साया
हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। रावताराम और वीरो देवी के पीछे दो बेटे हरजीराम और विशनाराम तथा बेटी साजियों हैं। माता-पिता की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी शोक की लहर है।
मौके पर पहुंची पुलिस, समझाइश के प्रयास
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। बायतू डीएसपी दीपेंद्र सैनी के अनुसार, परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर सहमति बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के कारणों और बिजली आपूर्ति बंद करने में कथित देरी की जांच से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
संवाददाता: ओम प्रकाश गोदारा