डूंगरपुर। राजस्थान के पंचायत चुनाव में डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत गोवाड़ी में मतगणना को लेकर देर रात तक विवाद चलता रहा। सरपंच पद के चुनाव में एक ही रात तीन बार मतगणना करानी पड़ी। पहली बार कमलेश सरपोटा को विजयी घोषित किया गया, दूसरी बार प्रकाश डेंडोर के पक्ष में नतीजा आया, जबकि तीसरी और अंतिम मतगणना में प्रकाश डेंडोर ने 88 मतों से जीत दर्ज की। अंतिम परिणाम रविवार सुबह करीब 5 बजे घोषित किया गया।
पहली गिनती में कमलेश सरपोटा को मिली जीत
गोवाड़ी ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मुख्य मुकाबला प्रकाश डेंडोर और पूर्व प्रधान ईश्वरलाल सरपोटा के छोटे भाई कमलेश सरपोटा के बीच था। मतदान समाप्त होने के बाद देर शाम मतगणना शुरू हुई। पहली गिनती में कमलेश सरपोटा को 1,109 और प्रकाश डेंडोर को 830 मत मिलने की जानकारी सामने आई। इसके आधार पर सहायक रिटर्निंग अधिकारी ने कमलेश सरपोटा को विजयी घोषित कर दिया।
हालांकि, परिणाम घोषित होते ही प्रकाश डेंडोर और उनके समर्थकों ने मतगणना पर आपत्ति जताई। उनका आरोप था कि एक बूथ के मतों की गिनती सही तरीके से नहीं हुई है।
दूसरी गिनती में पलट गया परिणाम
प्रकाश डेंडोर की आपत्ति के बाद दोबारा मतगणना कराई गई। दूसरी बार गिनती में परिणाम बदल गया और प्रकाश डेंडोर को विजयी घोषित कर दिया गया। इसके बाद कमलेश सरपोटा के समर्थकों ने भी मतगणना पर सवाल उठाए और दोबारा गिनती की मांग की। इससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंच गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में तीसरी बार मतगणना
विवाद की गंभीरता को देखते हुए रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी सुबोध सिंह चारण और पुलिस निरीक्षक मनीष खोईवाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में तीसरी बार पूरी मतगणना कराई गई।
अंतिम गिनती में प्रकाश डेंडोर को 1,194 मत मिले, जबकि कमलेश सरपोटा को 1,106 मत प्राप्त हुए। इस तरह प्रकाश डेंडोर ने 88 मतों के अंतर से जीत दर्ज की।
दी गई जानकारी के अनुसार, शुरुआती मतगणना में एक बूथ के मतों का पूरा बंडल नहीं गिने जाने की बात सामने आई। इसी वजह से परिणाम को लेकर विवाद पैदा हुआ और दोबारा मतगणना की नौबत आई। तीसरी गिनती के बाद प्रकाश डेंडोर को विधिवत विजयी घोषित किया गया।
तीन अन्य पंचायतों में भी हुई रिकाउंटिंग
गोवाड़ी के अलावा घोटाद, जेठाणा और वरदा ग्राम पंचायतों में भी प्रत्याशियों की आपत्तियों के बाद दोबारा मतगणना कराई गई। हालांकि, इन पंचायतों में रिकाउंटिंग के बाद परिणाम में कोई बदलाव नहीं हुआ और पहले घोषित प्रत्याशी ही विजयी रहे।
संवाददाता: ओमप्रकाश गोदारा
