श्रीगंगानगर। राजस्थान में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में बादलों की आवाजाही और तेज हवाओं के बीच बारिश की संभावना बढ़ गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 अक्टूबर से सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर श्रीगंगानगर सहित आसपास के जिलों में देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में बारिश और ओलों की संभावना
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर और चूरू के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इससे किसानों और आमजन को सतर्क रहने की जरूरत है।
अक्टूबर में भी 39 डिग्री तक पहुंच रहा पारा
प्रदेश में मौसम की दो अलग-अलग तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। एक ओर बारिश और ठंडी हवाओं की संभावना है, तो दूसरी ओर पश्चिमी राजस्थान में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है। 22 अक्टूबर को जैसलमेर में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर में पारा 38.6 डिग्री तक पहुंचा।
किसानों को सलाह
मौसम में संभावित बदलाव को देखते हुए किसानों को कटी हुई फसल और खुले में रखी कृषि उपज को सुरक्षित रखने की तैयारी करनी चाहिए।
रिपोर्ट: राजस्थान मौसम अपडेट
संवाददाता ओम प्रकाश गोदारा